देहरादून: श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर कल शाम रेस कोर्स, देहरादून में आयोजित भव्य कीर्तन दरबार में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना शामिल हुए। यह कीर्तन दरबार सरदार अमरजीत सिंह द्वारा आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में कथा वाचक सरदार बलविंदर सिंह स्वीटी जी ने गुरु रामदास जी के जीवन, उनके त्याग और अमृतसर साहिब की स्थापना की गाथा पर विस्तार से प्रकाश डाला और संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर अपने वक्तव्य में धस्माना ने कहा कि “चौथे गुरु, श्री गुरु रामदास जी का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची बादशाहत सेवा और विनम्रता में है। घी बेचने वाले एक अनाथ बालक जेठा जी का अपनी सेवा भाव से ‘रामदास’ बनना और फिर गुरु गद्दी तक पहुंचना हम सबके लिए प्रेरणा है। उन्होंने अमृत सरोवर की स्थापना कर पूरी मानवता को प्रेम, समानता और सेवा का ऐसा केंद्र दिया जो आज पूरी दुनिया के लिए मिसाल है।”
धस्माना ने कहा कि गुरु साहिब का संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक है जब समाज में नफरत और भेदभाव बढ़ रहा है। हमें उनके बताए ‘सरबत दा भला’ के मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार गुलजार सिंह, भाजपा नेता जोत सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंत में सरदार अमरजीत सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

