देहरादून: उत्तरांचल पंजाबी महासभा की महिला प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इंद्राणी पांधी का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया। देहरादून क्लब में आयोजित समारोह में महासभा के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों की मौजूदगी में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। इंद्राणी पांधी के नाम का प्रस्ताव कोषाध्यक्ष पी.एस. कोचर और प्रदेश संगठन मंत्री जी.एस. आनंद ने रखा, जिसका अनुमोदन प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय कथूरिया ने किया। हरिद्वार से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा और प्रदेश संस्कृत मंत्री राकेश मल्होत्रा ने प्रदेश महामंत्री राज कुमार पुतैला के साथ चर्चा के बाद उनके मनोनयन की आधिकारिक घोषणा की। कार्यक्रम का आयोजन जी.एस. आनंद ने किया।
मनोनयन के बाद इंद्राणी पांधी का महिला सदस्यों एवं समाजसेवियों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह में देहरादून की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी समाजसेविकाओं सहित महासभा के बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर इंद्राणी पांधी ने कहा कि समाजसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वह संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में शीघ्र ही महिला समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि महिलाएं संगठित होकर पंजाबी समाज के साथ-साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के हित में भी प्रभावी भूमिका निभा सकें। इंद्राणी पांधी द हिमाचल टाइम्स समूह के समाचार पत्रों की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। वह फिल्म अभिनेत्री, मॉडल, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी के रूप में भी सक्रिय हैं।
उन्हें महिला सशक्तीकरण और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें भारत श्री सम्मान, आयरनमैन लीडरशिप अवार्ड, उत्तराखंड रत्न, नेशनल गौरव अवार्ड, डॉटर ऑफ इंडिया अवार्ड, वुमन ऑफ सब्सटेंस अवार्ड, टाइम्स वुमन अचीवर्स अवार्ड तथा नारी शक्ति सम्मान सहित अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी वी.के. कथूरिया ने कहा कि इंद्राणी पांधी समाज के कल्याण से जुड़ी खबरों के प्रकाशन एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में सहयोग कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महासभा की महिला इकाई सामाजिक सरोकारों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री राज कुमार पुतैला, पी.एस. कोचर, जी.एस. आनंद, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू ओबेरॉय, प्रदेश मीडिया प्रभारी विजय कथूरिया, हरिद्वार के प्रतिनिधि मल्होत्रा, मंडल महामंत्री राजीव साचर, जिला महानगर अध्यक्ष बलदेव प्रशार, महानगर प्रतिनिधि सरदार दिलबाग सिंह सहित महासभा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहे। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य समाजसेवा है और सभी के सामूहिक प्रयासों से सामाजिक उत्थान के कार्यों को नई गति दी जाएगी।
